मुजफ्फरपुर : मछली पैकिंग के डिब्बे से 206 बोतल विदेशी शराब शनिवार सुबह आरपीएफ ने बरामद की है। थर्मोकोल से बने दो डिब्बों में बुक शराब मिथिला एक्सप्रेस से हावड़ा से मुजफ्फरपुर मंगायी गयी थी। शराब की बुकिंग हावड़ा के स्टेशन रोड निवासी मो. ए अली के नाम से हुई थी। डिलीवरी मुजफ्फरपुर के स्टेशन रोड निवासी एसपीएस को होनी थी। बुकिंग के समय रेलवे को बताया गया था कि डिब्बों में मछली व बर्फ है। आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को सुबह साढ़े पांच बजे हावड़ा से आने वाली मिथिला एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म चार पर खड़ी हुई। ट्रेन से पार्सल का सामान उतारा गया। जांच के दौरान दो डिब्बों से शराब की गंध आ रही थी।
